हिन्दी ब्लॉग जगत
तो लीजिए जनाब/मोहतर्मा, दूसरा ब्लॉग। मैने सोचा ना था इतनी जल्दी लिख पाऊँगा।
इंटरनेट की तो पहले से लत लगी हुई है, पिछले कुछ दिनों से ब्लॉग पढ़ने की लत लग गई है। किसी विशेश विषय पर नही, युँ ही ब्लॉग जगत में भटक रहा हूँ, बिन उद्देश्य। एक के बाद एक कड़ियाँ पकड़ता, कई लोगों के पन्नों में झाँकता, कहीं, टिप्पणियाँ छोड़ता, भटक रहा हूँ।
कल रात ब्लॉगस्पॉट पर "हिंदी" शब्द पे खोज की। पहली ही कुछ कड़ियों मे से थी,सुनील जी के पन्ने की कड़ी। कई सारे चिट्ठे पढ़ डाले। फिर वहाँ से कड़ियाँ पकड़ता हुआ जो निकला, कब दो बज गये पता ही नही चला। साधारनतया साढ़े ग्यारह बजे तक मैं खर्राटे भरने लगता हूँ। पर इच्छा ही नही हुई की कंप्युटर बन्द कर के सोया जाए। करीब तीन बजे, नीन्द असह्य हो गई, आँखें खुद-ब-खुद बन्द होने लगी, कम्प्युटर बन्द कर के सो गया। सुबह उठा, मग भर के चाय बनाई, और ले कर बैठ गया, रात जिस कड़ी पर छोड़ा था, वहीं से आगे बढ़ने। शाम हो गयी है, और मैं लगा हुआ हूँ।
कल शाम तक मै इस भ्रम में था कि हिन्दी मे कुछ गिने चुने लोग ही ब्लॉग लिखते होंगे। भ्रम टूट गया। पर एक बात है, युवा बहुत कम हैं। हमारी पीढ़ी अंग्रेज़ी मे लिखने में ही व्यस्त है। हिन्दी में लिखेंगे भी कैसे, अधिकांश को तो वर्णमाला भी याद नहीं है।
अभी तो केवल झाँकता हुआ गुज़र रहा हूँ, पर इरादा है इन में से कुछ लोगों को नियमित रूप से पढ़ने का। एक फायदा यह है कि, समकालीन हिन्दी साहित्य की आलोचना पढ़ने का अवसर मिलेगा। लेकिन किताबें खरीदनी पड़ेंगी, मुझे लगता नहीं, बैंगलोर में किसी पुस्तकालय में मिलेंगी। यदि आप ऐसे किसी पुस्तकालय के बारे में जानते हों तो टिप्पणी अवश्य छोड़ते जाईए।
उम्मीद है, इन महारथियों को पढ़ते रहने से सम्भवतः लिखने की प्रेरणा मिलती रहेगी। अधिक आशाएँ न रखें, कुछ खास नही लिखुँगा, यूँ ही बेसिरपैर की फ़ेंकता रहूँगा।
